रानीगंज के प्रसिद्ध होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. सुशोभन भौमिक का निधन, चिकित्सा जगत में शोक की लहर

रानीगंज :- रानीगंज समेत शिल्पांचल के जाने-माने और प्रसिद्ध होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. सुशोभन भौमिक का निधन हो गया। वे 77 वर्ष के थे। मंगलवार देर रात रानीगंज के स्कूल पाड़ा स्थित अपने आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। लगभग 57 वर्षों तक चिकित्सा सेवा में सक्रिय रहे डॉ. भौमिक के निधन की खबर से न सिर्फ रानीगंज, बल्कि पूरे शिल्पांचल के चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। डॉ. सुशोभन भौमिक का नाम होम्योपैथिक चिकित्सा के क्षेत्र में बेहद सम्मान के साथ लिया जाता था। रानीगंज शहर ही नहीं, बल्कि दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में भी उनकी खास ख्याति थी। डॉ. सुशोभन भौमिक केवल एक चिकित्सक ही नहीं थे, बल्कि गरीबों और असहायों के लिए एक मसीहा के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने अपनी सेवा भावना, दयालुता और समर्पण से मरीजों के साथ आम लोगों के बीच अलग पहचान बनाई थी। वे जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। उनके निधन पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की रानीगंज शाखा सहित विभिन्न सामाजिक व चिकित्सीय संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। संगठनों ने इसे होम्योपैथी चिकित्सा जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है। उनके निधन का समाचार मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, गणमान्य नागरिक और उनके प्रशंसक अंतिम दर्शन के लिए उनके निवास स्थान पर पहुंच रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments