रानीगंज :- रानीगंज शहर के एनएसबी रोड स्थित श्री श्याम मंदिर और श्री श्याम बाल मंडल चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में भव्य ‘सरस संकीर्तन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मनोज ओझा के सौजन्य से आयोजित अनुष्ठान में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री मौमिता विश्वास मिश्रा श्री श्याम मंदिर पहुंचीं और उन्होंने श्री श्याम बाबा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर आयोजक मनोज ओझा एवं मंदिर कमेटी के द्वारा मंत्री मौमिता विश्वास मिश्रा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समारोह में आसनसोल संगठनात्मक जिले के अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य समेत कई अन्य प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं।संकीर्तन के शुभारंभ के साथ ही पूरा मंदिर परिसर बाबा के भक्ति रंग में रंग गया और 'जय श्री श्याम' के गूंजते भजनों तथा श्रद्धालुओं के जयकारों से संपूर्ण वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।
बाबा का आशीर्वाद लेने के बाद मंत्री मौमिता विश्वास मिश्रा ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि रानीगंज के पवित्र खाटू श्याम मंदिर में दर्शन और प्रार्थना करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। खाटू श्याम जी के आशीर्वाद से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आए, यही कामना है। उन्होंने श्री श्याम मंदिर की प्रशंसा करते हुए कहा कि मंदिर अत्यंत भव्य और सुंदर है। उन्हें यहां पहली बार आने का अवसर मिला है इसके साथ ही मंत्री मौमिता विश्वास मिश्रा ने विपक्षी राजनीतिक दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 49 वर्षों में पश्चिम बंगाल में सनातन धर्म को मिटाने की साजिश की गई। लेकिन अब राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद सनातनी बिना किसी डर अथवा भय के भगवान श्री राम का नाम ले पा रहे हैं। राज्य में शांति और खुशहाली का माहौल बना हैं।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक मनोज ओझा ने कहा कि उन्होंने खाटू श्याम बाबा से मन्नत मांगी थी कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर यह विशेष धार्मिक अनुष्ठान कराया जाएगा। चूंकि अब राज्य में भाजपा सरकार के गठन को लगभग चार महीने बीत चुके हैं, उसी खुशी और आभार स्वरूप श्री श्याम मंदिर में इस सरस संकीर्तन का आयोजन किया गया। संकीर्तन के माध्यम से क्षेत्र में शांति, सद्भाव, सुख और समृद्धि की मंगल कामना की।



0 Comments