रानीगंज के श्री दुर्गा विद्यालय में नई बुनियादी सुविधाओं का लोकार्पण, सर्वाइकल कैंसर जागरूकता शिविर एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित



रानीगंज :- पढ़ाई के साथ-साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता और शारीरिक विकास का संदेश देते हुए रोटरी क्लब ऑफ रानीगंज, इनरव्हील क्लब ऑफ रानीगंज और रोट्रेक्ट क्लब ने एक सराहनीय पहल की है। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस सामाजिक कार्यक्रम के तहत रानीगंज के श्री दुर्गा विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए बुनियादी सुविधाएं समर्पित की गईं। संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से विद्यालय परिसर में छात्राओं के लिए एक गर्ल्स टॉयलेट, दो बॉयज टॉयलेट, मिड-डे मील के स्वच्छ और सुरक्षित निर्माण हेतु एक आधुनिक किचन रूम तथा योग, नृत्य व शारीरिक अभ्यास के लिए एक बहुउद्देश्यीय प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण कराया गया है। इस पूरे प्रोजेक्ट की मुख्य दानदाता आरके डेंटल क्लिनिक (रानीगंज) की सीईओ वंदना गुप्ता हैं, जिन्होंने डॉ. शुभम गुप्ता और डॉ. शिखा बंधु गुप्ता के साथ मिलकर इसका निर्माण कराया है।



स्कूल के सभागार में छात्राओं के लिए एक सर्वाइकल कैंसर जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में उपस्थित विशेषज्ञों ने किशोरी छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, समय पर टीकाकरण और सर्वाइकल कैंसर के शुरुआती लक्षणों व बचाव के तरीकों के प्रति विस्तार से जागरूक किया। इसके साथ ही, गत 15 अगस्त को रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली में आयोजित 'आकांक्षा' चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को भी इसी मंच से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डीजीएन पल्लवी माजी तथा एसकेएस पब्लिक स्कूल रानीगंज के प्राचार्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अवसर पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष प्रशांत जायसवाल, स्मित झुनझुनवाला, अलंकार साव, केतन अम्बानी, डॉ. सुमित अग्रवाल, पवन केजरीवाल, डॉ. शुभम गुप्ता, मुकेश गुप्ता, सरवन तोदी, संतोष गुप्ता, गणेश भरतिया एवं अशोक बुचासिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं इनरव्हील क्लब की ओर से श्वेता बर्नवाल, नेहा, जया, स्वाति और अर्चना अग्रवाल ने अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई। रोट्रेक्ट क्लब से उत्सव साव एवं अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Post a Comment

0 Comments