रानीगंज :- रानीगंज के प्रतिष्ठित व्यवसायी और चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) उमेश डोकानिया के साथ हुई 2.50 करोड़ रुपये की बड़ी साइबर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस और साइबर सेल को बड़ी सफलता हासिल हुई है। दुर्गापुर साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई और संबंधित बैंकों के साथ बेहतर समन्वय की बदौलत ठगी की गई राशि में से 1,49,30,644 रुपये सुरक्षित बरामद कर सीधे पीड़ित के बैंक खाते में वापस जमा करा दिए गए हैं।
यह पूरा मामला बीते 15 सितंबर 2026 को सामने आया, जब व्यवसायी उमेश डोकानिया ने दुर्गापुर साइबर सेल में आकर धोखाधड़ी की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, एक शातिर साइबर ठग ने उमेश डोकानिया का छद्म रूप धारण कर खुद को मालिक बताया और उनके एक कर्मचारी को झांसे में ले लिया। जालसाज के निर्देशों का पालन करते हुए कर्मचारी ने बिना पुष्टि किए विभिन्न बैंक खातों में कुल 2.50 करोड़ रुपये हस्तांतरित कर दिए।
धोखाधड़ी का अहसास होते ही मामला दुर्गापुर साइबर सेल के संज्ञान में लाया गया। साइबर सेल ने बिना समय गंवाए नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद रानीगंज थाने में 16 सितंबर 2026 को मामला संख्या 390/26 के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल ने तुरंत संबंधित बैंकों से संपर्क साधकर ट्रांजेक्शन को होल्ड कराया। पुलिस की लगातार निगरानी और कानूनी प्रक्रियाओं के पालन के बाद अंततः 1,49,30,644 रुपये की राशि सफलतापूर्वक रिकवर कर पीड़ित के खाते में क्रेडिट कर दी गई। पुलिस प्रशासन के अनुसार बाकी बची राशि की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जांच प्रक्रिया तेजी से जारी है।

0 Comments