कोलकाता :- ‘नशा मुक्त भारत’ और ‘नशा मुक्त पश्चिम बंगाल’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए राज्य में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। बालुरघाट के बाद बुधवार को न्यू टाउन स्थित इको पार्क में पुलिस प्रशासन द्वारा जब्त की गई अवैध कफ सिरप की खेप पर बुलडोजर चलाकर उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी खुद बुलडोजर के स्टीयरिंग पर नजर आए। विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट की पहल पर 'नशा मुक्त भारत - 2029' अभियान के तहत यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान लगभग 3 लाख 10 हजार अवैध फेंसीडिल कफ सिरप की बोतलों को बुलडोजर से कुचलकर नष्ट कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी और कहा कि पश्चिम बंगाल की धरती पर अवैध और प्रतिबंधित कफ सिरप का काला कारोबार अब किसी भी कीमत पर नहीं चलेगा। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले ड्रग तस्करों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने इस संदर्भ में कहा, हमारी सरकार राज्य को पूरी तरह से नशा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना हमारी प्राथमिकता है और अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, सीमावर्ती इलाकों और शहरी क्षेत्रों में अवैध ड्रग्स की तस्करी रोकने के लिए आने वाले दिनों में इस तरह की और भी सख्त कार्रवाइयां देखने को मिलेंगी।



0 Comments