करम पर्व पर CM Suvendu Adhikari का बड़ा ऐलान, कुड़माली भाषा को संविधान की 8वीं अनुसूची में किया जाएगा शामिल

पुरुलिया :- पुरुलिया के कड़ाडी में आयोजित पारंपरिक लोक उत्सव 'करम पर्व' के अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कुड़मी समाज के लिए एक ऐतिहासिक घोषणा की। उन्होंने कहा कि कुड़मी समाज की बहुप्रतीक्षित मांग को स्वीकार करते हुए कुड़माली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया जाएगा और इस प्रक्रिया को बहुत जल्द पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस ऐलान के बाद कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित विशाल जनसमूह ने जोरदार तालियों के साथ अपनी खुशी और उत्साह व्यक्त किया।


रविवार को मुख्यमंत्री कोलकाता से हवाई मार्ग द्वारा अंडाल होते हुए पुरुलिया के कड़ाडी मैदान पहुंचे, जहां लगभग 40 हजार महिलाओं ने पारंपरिक झूमर नृत्य पेश कर उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद कुड़मी समाज के प्रतिनिधियों—अजीत महतो, ज्योतिर्मय सिंह महतो, विश्वजीत महतो और सुदेश महतो ने उन्हें पारंपरिक पीली पगड़ी और उत्तरीय पहनाकर मंच पर सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले कुड़मी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने नबन्ना में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें इस उत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया था।


समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने पिछली सरकार पर आदिवासियों के बीच दरार पैदा करने और उनके वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुड़मी समाज ने भाषा के अधिकार के लिए जो संघर्ष किया, उसके जवाब में उन पर झूठे मामले दर्ज किए गए थे। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ हुई चर्चा के अनुसार कुड़माली और राजबंशी भाषाओं को आठवीं अनुसूची में शामिल करने के संकल्प को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments