कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपनी सरकार के दो मंत्रियों को सड़कों पर 'अति-सक्रियता' दिखाने के बजाय अपने-अपने दफ्तर में बैठकर काम पर ध्यान केंद्रित करने की 'सलाह' दी है। सरकारी सूत्रों के अनुसार, बुधवार को नबन्ना में आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने मंत्रियों को यह निर्देश दिया।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ये दो मंत्री अग्निमित्रा पॉल और शारद्वत मुखर्जी हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दोनों को सड़कों पर बिना वजह की भागदौड़ और गतिविधियों से बचने और अपने विभागीय कार्यों में अधिक मन लगाने को कहा है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में मंत्री अग्निमित्रा पॉल की सड़कों पर दिखाई गई 'सक्रियता' के कई वीडियो फुटेज सामने आए थे, जिनकी सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी। कभी वह फुटपाथ खाली कराने के दौरान सब्जी विक्रेताओं या स्टॉव पर दूध उबाल रही महिलाओं से बहस करती दिखीं, तो कभी सड़क सुरक्षा के नाम पर हाथ में माइक लेकर चेतावनी देती नजर आईं। एक अन्य वीडियो में वह बाजार के अंदर साइकिल खड़ी करने को लेकर दुकानदारों को डांटती दिखी थीं। इसके अलावा, राज्य की नगर विकास मंत्री के रूप में उन्हें फुटपाथ पर रहने वालों को राखी बांधते और उपहार बांटते हुए भी देखा गया था। मुख्यमंत्री की इस सख्त सलाह के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज हो गई है।


0 Comments