CM शुभेंदु अधिकारी ने मुंबई जाकर रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी से की मुलाकात, निवेश पर हुई चर्चा

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद से नई सरकार राज्य की उद्योग-विमुख छवि को बदलने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए आक्रामक रुख अपना रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मुंबई स्थित ‘एंटीलिया’ में देश के प्रमुख उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी से मुलाकात की। अनंत अंबानी द्वारा दिए गए गणेश पूजा के आमंत्रण पर मुंबई पहुंचे मुख्यमंत्री ने रिलायंस समूह के साथ बंगाल में औद्योगिक विस्तार और भारी निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए बताया कि राज्य निवेशकों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है, जिससे बंगाल की अर्थव्यवस्था और युवाओं को नया बल मिलेगा। पश्चिम बंगाल की आध्यात्मिक परंपरा और जन-आस्था के प्रतीक के रूप में मुख्यमंत्री ने अंबानी परिवार को मां काली का एक विशेष पवित्र स्मृति चिह्न भेंट किया और उनके बेहतर स्वास्थ्य, सुख और निरंतर सफलता की कामना की।


सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई इस मुलाकात के दौरान पश्चिम बंगाल में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की अपार संभावनाओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ऐसे दूरदर्शी निवेश का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है, जो युवाओं को सशक्त बनाए और टिकाऊ आर्थिक प्रगति को गति दे सके। उन्होंने नीता अंबानी, मुकेश अंबानी और पूरे अंबानी परिवार का उनके शानदार आतिथ्य एवं आत्मीयता के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। इससे पहले जून महीने में मुख्यमंत्री ने अडानी समूह के करण अडानी से भी नबान्न में मुलाकात की थी, जिसके बाद न्यू टाउन में 2000 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल परियोजना पर सहमति बनी। राज्य सरकार डानकुनी से लेकर पुरुलिया तक कई हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम कर रही है। हाल ही में गार्डेन रीच में केंद्रीय रक्षा मंत्री की मौजूदगी में 3,400 करोड़ रुपये के रक्षा उत्पादन प्रोजेक्ट की भी घोषणा हुई है।

Post a Comment

0 Comments