Durgapur में दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर 10 तोला सोने के गहने और कैश की चोरी


दुर्गापुर :- दुर्गापुर के बेनाचीती स्थित निवेदिता प्लेस इलाके में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। पीड़ित मोहन बनर्जी के मकान में उस वक्त कोई मौजूद नहीं था, जब चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया। परिजनों के अनुसार, घटना के समय मोहन बनर्जी बाहर गए हुए थे और उनकी पत्नी पास के एक आश्रम में गई थीं। इसी का फायदा उठाकर बदमाशों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर के अंदर दाखिल हो गए। बदमाशों ने कमरे की अलमारी और पलंग को पूरी तरह खंगाल डाला। अलमारी का लॉक तोड़कर वे उसमें रखे 10 तोले से अधिक सोने के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। चुराए गए आभूषणों में मोहन बनर्जी की पत्नी, बेटे और सास के गहने शामिल थे। पीड़ित परिवार का कहना है कि इस घटना के बाद वे आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट चुके हैं और उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द सामान बरामद करने की गुहार लगाई है। घटना की जानकारी मिलते ही दुर्गापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारियों ने घर के अंदर के हालात का मुआयना किया, परिजनों के बयान दर्ज किए और मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।

Post a Comment

0 Comments