Durgapur के होटल में ऑफिस बनाकर साइबर ठगी करने वाले 'जामताड़ा गैंग' का पर्दाफाश, 4 शातिर गिरफ्तार

दुर्गापुर :- होटल के कमरे को बाकायदा ऑफिस बनाकर देशभर के लोगों को चूना लगाने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दुर्गापुर स्टेशन बाजार से सटे साधुडांगा इलाके के एक होटल में छापेमारी कर चार युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के देवघर (मधुपुर) निवासी गणेश सरदार, सचिन दास, जितेंद्र कुमार दास और सुरेंद्र दास के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच के अनुसार, यह गिरोह चर्चित 'जामताड़ा गैंग' से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने इनके पास से कई लैपटॉप, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और कई फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं।


जांच अधिकारियों के अनुसार, ये आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते थे और किसी एक होटल में ज्यादा दिन नहीं ठहरते थे। ये डिजिटल माध्यमों और फोन कॉल के जरिये लोगों को झांसे में लेकर उनकी गाढ़ी कमाई उड़ा लेते थे। पुलिस अब बरामद इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों की मदद से यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं और इन्होंने अब तक कितने लोगों को निशाना बनाया है।

Post a Comment

0 Comments