Durgapur से साइबर क्राइम मामले में गिरफ्तार 5 आरोपी पुलिस रिमांड पर, पेनड्राइव, ATM कार्ड और हार्डडिस्क बरामद

दुर्गापुर :- साइबर क्राइम के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए दुर्गापुर थाने की पुलिस ने कादा रोड इलाके से पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान इन्हें हिरासत में लिया था। पकड़े गए आरोपियों के पास से पेनड्राइव, कई एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, हार्डडिस्क और कई अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने पांचों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बापन दास, राजीव दास, राजा दास, सुमित दास और सपन दास उर्फ छोटू के रूप में हुई है। ये सभी कादा रोड के मोची पाड़ा और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं। बुधवार को पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को दुर्गापुर महकुमा अदालत में पेश किया, जहां से उनकी जमानत याचिका खारिज करते हुए अदालत ने उन्हें 6 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।


पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले बेनाचिति बाजार में एटीएम के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे दो युवकों को 20 हजार रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया गया था। इनमें से एक 15 वर्षीय नाबालिग मोची पाड़ा और दूसरा बॉम्बे कॉलोनी का निवासी था। उनसे मिली अहम जानकारी के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को छापेमारी कर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और उनके फरार साथियों की तलाश के साथ-साथ पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments