दुर्गापुर :- दुर्गापुर के सिटी सेंटर इलाके में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ताओं ने तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ एक बेहद अनूठा और तीखा विरोध प्रदर्शन किया। तृणमूल कांग्रेस के राजनीतिक अस्तित्व के समाप्त होने का दावा करते हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ADDA कार्यालय के सामने तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिह्न का प्रतीकात्मक ‘श्राद्ध कर्म’ संपन्न किया।
यह विरोध प्रदर्शन बाकायदा पंडित द्वारा मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुआ। श्राद्ध की प्रतीकात्मक रस्मों के तहत वहां कोयला, बालू और अंडे रखे गए थे। इसके बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ‘बोल हरि हरि बोल’ और ‘राम नाम सत्य है’ के नारे लगाते हुए तृणमूल कांग्रेस के प्रतीक चिन्ह को आग के हवाले कर दिया। बीजेपी नेताओं का कहना है कि इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य जनता तक यह संदेश पहुंचाना है कि राज्य की राजनीति से तृणमूल कांग्रेस का वजूद अब पूरी तरह खत्म हो चुका है। सिटी सेंटर में आयोजित इस विवादित कार्यक्रम को लेकर स्थानीय राजनीतिक हलकों में जोरदार चर्चा शुरू हो गई है। सभी की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस पर क्या पलटवार आता है।



0 Comments