Durgapur में गैर सरकारी मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन, BJP के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने कहा- सोनार बांग्ला बनाएंगे

दुर्गापुर :- छापेमारी या जांच की खबर पहले ही मिल जाने के कारण संदिग्ध और फर्जी डॉक्टर सतर्क होकर फरार हो रहे हैं। प्रशासन की नजरों से बचने के लिए वे पहले से ही सावधान हो जा रहे हैं। यह सनसनीखेज दावा राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शारद्वर मुखोपाध्याय ने किया है। वे सोमवार को दुर्गापुर के विधाननगर स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के उद्घाटन समारोह में पहुंचे थे। इस कार्यक्रम के दौरान राज्य के स्वास्थ्य सचिव नारायण स्वरूप निगम, उच्च शिक्षा मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व पश्चिम बंगाल प्रभारी सुनील बंसल, एसकेएस ग्रुप के चेयरमैन एसके शर्मा, दुर्गापुर के स्थानीय विधायक और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में ब्लड बैंक को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि राज्य में कोई भी सेवा बंद नहीं की गई है और न ही ब्लड बैंक के संचालन में कोई समस्या है। नियमानुसार समय सीमा समाप्त होने के बाद नवीनीकरण (रिन्यूअल) की प्रक्रिया चल रही है। राज्य के सरकारी स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे पर बात करते हुए बताया गया कि पश्चिम बंगाल में फिलहाल 26 सरकारी मेडिकल कॉलेज कार्यरत हैं और कई नए मेडिकल कॉलेज बनाने की प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही बालुरघाट और कलिम्पोंग में भी मेडिकल कॉलेज निर्माण का कार्य जल्द शुरू होने वाला है।

राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में आई गिरावट को लेकर चल रही राजनीतिक बयानबाजी पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इसके लिए केवल वर्तमान सरकार को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने दावा किया कि डॉ. विधानचंद्र राय के कार्यकाल के बाद से ही स्वास्थ्य ढांचे में लगातार गिरावट आती रही है। इसलिए सिर्फ मौजूदा सरकार को दोष देने के बजाय 34 वर्षों के वाममोर्चा शासन की भूमिका पर भी सवाल उठाया जाना चाहिए। वाममोर्चा के 34 साल और उसके बाद के 15 वर्षों के दौरान अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति कमजोर हुई है, जिसे अब सुदृढ़ करने का काम शुरू किया गया है और इसमें समय लगेगा।

समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और पश्चिम बंगाल प्रभारी सुनील बंसल ने कहा कि दुर्गापुर में शुरू हुआ यह नया मेडिकल कॉलेज गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के एक बेहतरीन केंद्र के रूप में उभरेगा और यहां से निकलने वाले डॉक्टर निष्ठा से लोगों की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बने अभी केवल 4 महीने ही हुए हैं। जनता ने 5 साल का जनादेश दिया है, इसलिए थोड़ा विश्वास और भरोसा बनाए रखें। आगामी 5 वर्षों में पश्चिम बंगाल की पूरी व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिस 'सोनार बांग्ला' का सपना देखा गया था, उसे साकार कर एक ऐसा विकसित पश्चिम बंगाल बनाया जाएगा जो पूरी दुनिया को आकर्षित करेगा, क्योंकि जब पश्चिम बंगाल विकसित होगा तभी विकसित भारत का निर्माण संभव है।

Post a Comment

0 Comments