दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी करने और उनकी मृत्यु की कामना करने के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अनूठा प्रदर्शन किया। दुर्गापुर के एमएएमसी टाउनशिप स्थित उत्तरपल्ली इलाके में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक व विधायक हुमायूं कबीर का प्रतीकात्मक पारलौकिक कार्य (श्राद्ध कर्म) संपन्न किया। इसके साथ ही मैदान के एक कोने में प्रतीकात्मक रूप से कब्र खोदी गई और हुमायूं कबीर की तस्वीर को कब्र में रखकर दफनाया गया। यहां बता देना जरूरी है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की मृत्यु की कामना करने को लेकर विधायक हुमायूं कबीर विवादों में घिर गए हैं। मंगलवार को ही दुर्गापुर में भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने विधायक हुमायूं कबीर के पुतले को खाट पर लिटाकर अर्थी निकली थी और जूते की माला पहनकर पूरे इलाके में घुमाया था।
इस अनूठे विरोध प्रदर्शन के दौरान पश्चिम बर्दवान जिला भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री स्वाधीन घोष ने स्वयं पुरोहित की भूमिका निभाई। उन्होंने पूरी शास्त्रीय रीति-रिवाज के साथ मंत्रोच्चार करते हुए प्रतीकात्मक श्राद्ध कर्म संपन्न कराया। घटना स्थल पर मौजूद भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विधायक हुमायूं कबीर लगातार राजनीतिक मर्यादाओं को लांघ रहे हैं और मुख्यमंत्री के प्रति आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन में स्वाधीन घोष के अलावा महिला मोर्चा की नेत्री मिठू रॉय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।



0 Comments