Durgapur में आवास योजना के नाम पर फर्जीवाड़े का आरोप, महिलाओं ने TMC नेता पर फेंके अंडे

दुर्गापुर :- सरकारी पोर्टल पर आवास योजना की स्थिति ‘सक्सेसफुल’ दिखने के बावजूद पक्का मकान न मिलने से आक्रोशित महिलाओं ने स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता को घेरकर जोरदार हंगामा किया। कोकओवन थाना क्षेत्र के आनंदपुर इलाके में उग्र भीड़ ने तृणमूल नेता विश्वजीत उर्फ विशु माझी को बंधक बनाकर उनके सिर पर लगातार अंडे फेंके और पूरे इलाके में घुमाया। घटना के कारण क्षेत्र में काफी समय तक तनाव की स्थिति बनी रही, जिसे बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने शांत कराया।


प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि तृणमूल शासन के दौरान आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने का वादा करके गरीब परिवारों से जरूरी कागजात लिए गए थे। लंबे इंतजार के बाद भी जब मकान नहीं मिले, तो लोगों ने ऑनलाइन पोर्टल पर दस्तावेजों की जांच की। वहां लाभार्थियों के नाम के आगे योजना की स्थिति ‘सक्सेसफुल’ दर्ज पाई गई, जबकि धरातल पर किसी को मकान नहीं मिला था। प्रदर्शनकारी सुष्मा बागदी ने कहा कि उनके नाम पर स्वीकृत मकान का पैसा हड़प लिया गया है और यदि उन्हें जल्द पक्का मकान नहीं सौंपा गया, तो वे उग्र आंदोलन करेंगी।


दूसरी ओर, आरोपी तृणमूल नेता विश्वजीत माझी ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उस समय केवल पंजीकरण के आधार पर आईडी बनाई गई थी, लेकिन योजना का लाभ किसे मिला और किसके बैंक खाते में पैसे स्थानांतरित हुए, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर तृणमूल नेता को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments