दुर्गापुर :- दुर्गापुर के बुदबुद थाना अंतर्गत मानकर ग्रामीण अस्पताल में इलाज में लापरवाही के कारण मरीज की मौत का आरोप लगाते हुए परिजनों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। परिजनों पर आरोप है कि उन्होंने अस्पताल के आपातकालीन विभाग के फर्नीचर और चिकित्सा उपकरणों को नुकसान पहुंचाया तथा ड्यूटी पर मौजूद नर्सों व महिला स्वास्थ्यकर्मियों के साथ मारपीट भी की। इस अप्रत्याशित घटना से पूरा अस्पताल परिसर रणक्षेत्र में बदल गया और कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, मानकर निवासी बुधन बाउरी शनिवार रात अचानक बीमार पड़े थे, जिसके बाद परिजन उन्हें तुरंत मानकर ग्रामीण अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार और निगरानी के बाद जब मरीज ने बेहतर महसूस किया, तो डॉक्टरों ने उन्हें घर ले जाने की सलाह दी। परिजनों का दावा है कि घर लौटते समय रास्ते में बुधन की तबीयत फिर बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल पर धावा बोल दिया। स्थिति बिगड़ती देख स्वास्थ्यकर्मियों ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया था, लेकिन उपद्रवियों ने दरवाजा तोड़कर उनके साथ हाथापाई की।
सूचना मिलते ही बुदबुद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कर शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने रविवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और तोड़फोड़ व हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। दूसरी ओर, अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों ने रविवार सुबह से अस्पताल के मुख्य द्वार पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। आंदोलित चिकित्सकों का कहना है कि जब तक प्रशासन उन्हें लिखित आश्वासन और पुख्ता सुरक्षा प्रदान नहीं करता, तब तक आपातकालीन सेवा को छोड़कर अन्य सभी विभागों में काम ठप रहेगा।



0 Comments