शरणार्थियों और मतुआ समुदाय को जल्द मिलेगी नागरिकता, Durgapur में केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर का बड़ा ऐलान

दुर्गापुर :- शरणार्थियों और मतुआ समुदाय के नागरिकता के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार ने तत्परता तेज कर दी है। केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर ने रविवार को दुर्गापुर में घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही नागरिकता देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए नागरिकता के इच्छुक लोग सीधे जिलाधिकारी (डीएम) के पास आवेदन कर सकेंगे। रविवार को दुर्गापुर के इस्पात नगरी स्थित विधान भवन में पश्चिम बर्धमान जिला ऑल इंडिया मतुआ महासंघ की मतुआ सेना शाखा की नई कमेटी का गठन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर, विधायक सोमा ठाकुर, लक्षण घोरुई और चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय सहित मतुआ संगठन के प्रमुख नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शांतनु ठाकुर ने कहा कि बांग्लादेश से कई लोग भारत आए हैं। लंबे समय तक नागरिकता के नाम पर उनके साथ टालमटोल किया गया और उन्हें सरकारी सुविधाओं से वंचित रखा गया। अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। जल्द ही नागरिकता की प्रक्रिया शुरू होगी और जिलाधिकारियों के माध्यम से काम होने से इसमें और तेजी आएगी। उन्होंने मतुआ सेना की नई कमेटी को लेकर कहा कि संगठन को नए सिरे से तैयार किया गया है। यह संगठन न केवल सामाजिक और सेवा कार्य करेगा, बल्कि आम लोगों को नागरिकता प्राप्त करने की प्रक्रिया में भी पूरी मदद प्रदान करेगा। इस घोषणा से मतुआ समुदाय के लोगों और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिला।


Post a Comment

0 Comments