ECL के ट्रांसफार्मर में भीषण आग लगने से कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित

जामुड़िया :- शनिवार की सुबह आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या तीन अंतर्गत परिहारपुर और बाक्सीमुलिया क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ईसीएल के एक मुख्य ट्रांसफार्मर में अचानक भीषण आग लग गई। सुबह-सुबह ट्रांसफार्मर से आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख स्थानीय लोगों में भारी दहशत फैल गई। उल्लेखनीय है कि इस इलाके में राज्य सरकार का कोई वैकल्पिक बिजली नेटवर्क नहीं है और 10 नंबर ईसीएल द्वारा संचालित इसी ट्रांसफार्मर के जरिए समूचे परिहारपुर और बाक्सीमुलिया क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की जाती है।


इस हादसे के कारण पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब गया है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिजली कब तक बहाल होगी, इस संबंध में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। इससे पहले भी ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीणों को कई दिनों तक बिना बिजली के अंधेरे में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा था। पुरानी खट्टी यादों के ताजा होने से क्षेत्र के लोगों में भारी चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है।


Post a Comment

0 Comments