हावड़ा :- हावड़ा स्टेशन के न्यू कॉम्प्लेक्स परिसर में आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) ने गश्त के दौरान भारी मात्रा में नकदी के साथ एक यात्री को हिरासत में लिया है। आरोपी के पास से करीब 67 लाख रुपये के नोटों के बंडल बरामद किए गए हैं। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान महाराष्ट्र के सोलापुर निवासी सुजीत काले के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात आरपीएफ के जवान न्यू कॉम्प्लेक्स में नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान सुजीत की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर जवानों को उस पर शक हुआ। पूछताछ करने पर जब वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, तो आरपीएफ ने उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से नोटों के कई बंडल बरामद हुए, जिनकी कुल गिनती लगभग 67 लाख रुपये निकली।
पूछताछ में सुजीत ने दावा किया कि बिहार के गया टाउनशिप इलाके में उसकी एक दुकान है और वह रविवार रात मुंबई मेल से हावड़ा पहुंचा था। उसने बताया कि वह कोलकाता के बड़ाबाजार से सोना और चांदी खरीदने के लिए यह रकम लेकर आया था। हालांकि, वह इस भारी-भरकम नकदी का कोई वैध स्रोत या दस्तावेज पेश नहीं कर सका। जवाबों में असंतोष पाए जाने पर आरपीएफ ने उसे हिरासत में लेकर आयकर विभाग को सूचित कर दिया। आरपीएफ सूत्रों के मुताबिक, जब्त रकम और आरोपी यात्री को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आयकर विभाग के सुपुर्द किया जा रहा है।



0 Comments