Jamuria को जल्द मिलेगा अपना फायर स्टेशन, MLA के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने किया जमीन का निरीक्षण

जामुड़िया :- आग लगने पर घंटों इंतजार और देखते ही देखते सब कुछ राख हो जाना—जामुड़िया क्षेत्र में दमकल केंद्र नहीं होने की यह पुरानी समस्या अब खत्म होने जा रही है। स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए जामुड़िया में एक नए अग्निशमन केंद्र (फायर स्टेशन) के निर्माण को हरी झंडी मिल गई है। घनी आबादी, कोयला खदानों, कारखानों और व्यस्त बाजारों से घिरे जामुड़िया में आग का खतरा हमेशा बना रहता था। अब तक आग लगने पर आसनसोल या रानीगंज से दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ती थीं, जिससे देरी के कारण नुकसान काफी बढ़ जाता था। जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी द्वारा विधानसभा में उठाए गए प्रस्ताव के बाद राज्य सरकार ने इसकी मंजूरी दे दी है। चाकदोला मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 14 के किनारे इसके लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। राजमार्ग पर स्थित होने के कारण दमकल वाहन किसी भी क्षेत्र में तेजी से पहुंच सकेंगे। गुरुवार को विधायक डॉ बिजन मुखर्जी और प्रशासनिक अधिकारियों ने इस स्थल का संयुक्त निरीक्षण कर इसे उपयुक्त घोषित किया। 


विधायक डॉ बिजन मुखर्जी ने बताया कि अग्निशमन केंद्र के अलावा आने वाले समय में जामुड़िया में अस्पताल, रवींद्र भवन, इंडोर स्टेडियम और नशामुक्त केंद्र जैसी योजनाएं भी चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएंगी। इस पहल से पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और राहत की उम्मीद जगी है।

Post a Comment

0 Comments