जामुड़िया :- जामुड़िया थाना क्षेत्र के बेनाली गांव स्थित घासुरिया तालाब से रविवार को एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बेनाली टुइला पाड़ा के निवासी मधु हेम्ब्रम के रूप में हुई है। सुबह तालाब में शव तैरता देख स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। स्थानीय निवासियों के अनुसार, मधु हेम्ब्रम गत 18 सितंबर की सुबह कमल का फूल तोड़ने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था। रविवार सुबह गांव की कोलियरी के पास स्थित तालाब में उसका शव तैरता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचित किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही श्रीपुर फाड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए असंसोल जिला अस्पताल भेज दिया। इस घटना के बाद से क्षेत्र में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई साजिश है, इसको लेकर रहस्य बना हुआ है। स्थानीय लोगों का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।


0 Comments