Kulti के बराकर में भारी पुलिस बल के साथ साइबर क्राइम के आरोपियों के दर्जन भर ठिकानों पर छापेमारी

आसनसोल :- साइबर अपराध के बढ़ते नेटवर्क पर नकेल कसने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने कुल्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत बराकर के दासपाड़ा और हॉस्पिटल रोड इलाके में एक व्यापक और सघन तलाशी अभियान चलाया। एसीपी (कुल्टी) जावेद हुसैन के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने साइबर क्राइम से जुड़े संदिग्ध आरोपियों के एक दर्जन से भी अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई, जिससे पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया और स्थानीय लोगों के बीच हड़कंप मच गया।


अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने संदिग्धों के आवासों की बारीकी से तलाशी ली तथा साइबर ठगी से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य उपकरणों की गहन जांच-पड़ताल की। उल्लेखनीय है कि झारखंड की सीमा से सटे बराकर के दासपाड़ा और हॉस्पिटल रोड इलाके को अब 'मिनी जामताड़ा' के रूप में देखा जाने लगा है। इससे पूर्व भी पुलिस ने इसी क्षेत्र में एक विशेष अभियान चलाकर साइबर अपराध में लिप्त करीब 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा था।


पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई पूर्व में दर्ज साइबर ठगी के मामलों की कड़ी जोड़ते हुए की गई है। हालांकि, इस मैराथन छापेमारी के दौरान किन-किन सामानों की जब्ती हुई है और कितने संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, इसको लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि साइबर अपराध के समूल उन्मूलन के लिए इस तरह के कड़े और त्वरित अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments