पांडवेश्वर के MLA जितेंद्र तिवारी की बड़ी पहल, 8 सरकारी पुस्तकालयों को प्रदान किए कंप्यूटर और प्रिंटर

 

पांडवेश्वर (राम बाबू यादव) :- पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जितेंद्र तिवारी ने शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक बड़ी पहल की है। उन्होंने सोमवार को क्षेत्र के 8 सरकारी पुस्तकालयों को कंप्यूटर और प्रिंटर प्रदान किए, ताकि छात्रों और युवाओं के लिए अध्ययन और ज्ञानार्जन का दायरा और विस्तृत हो सके।

जिन पुस्तकालयों में यह सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, उनमें बालीजुड़ी स्थित विवेकानंद पाठागार, जामग्राम का सूर्य सेन स्मृति पाठागार, नयाडांगा स्थित नयाडांगा विवेकानंद शक्ति संघ साधारण पाठागार, बनग्राम का बनग्राम मिलन समिति साधारण पाठागार, कुमारडीही स्थित कुमारडीही उदयन संघ ग्रामीण पाठागार, केंद्र का केंद्रा मितालीस संघ पल्लीमंगल समिति साधारण पाठागार, वैद्यनाथपुर स्थित वैद्यनाथपुर पल्लीमंगल समिति साधारण पाठागार तथा नाचन का रामनाथ स्मृति पाठागार शामिल हैं।




इन आधुनिक सुविधाओं के मिलने से स्थानीय छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल जानकारी जुटाने तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में काफी सहूलियत होगी। वहीं प्रिंटर की सुविधा उपलब्ध होने से छात्र आवश्यक नोट्स, प्रश्न पत्र, अध्ययन सामग्री और महत्वपूर्ण दस्तावेज आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुस्तकालयों को केवल पुस्तकें पढ़ने तक सीमित न रखकर उन्हें आधुनिक शिक्षा एवं ज्ञानवर्धन के एक प्रभावी केंद्र के रूप में विकसित करना है।


मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि पांडवेश्वर क्षेत्र के युवाओं और परीक्षार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए सरकारी पुस्तकालयों को डिजिटल संसाधनों से लैस करना एक सराहनीय कदम है। आज के दौर में ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और आधुनिक तकनीक तक पहुंच होना हर छात्र की जरूरत है। हम चाहते हैं कि पांडवेश्वर का हर बच्चा संसाधनों के अभाव से न जूझे और तकनीक का सही उपयोग कर सफलता की नई ऊंचाइयों को छुए। पुस्तकालयों को आधुनिक ज्ञान केंद्र बनाने की इस दिशा में आगे भी हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।


Post a Comment

0 Comments