Nandigram By-Election : कांग्रेस प्रत्याशी मिलन प्रधान की ज़मानत अर्जी खारिज, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए

नंदीग्राम :- नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी मिलन प्रधान को अदालत से बड़ा झटका लगा है। शनिवार को हल्दिया अदालत ने उनकी ज़मानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें 14 दिनों की जेल हिरासत (न्यायिक हिरासत) में भेजने का निर्देश दिया। हत्या के एक पुराने मामले में आरोपी मिलन को आगामी सोमवार को एक अन्य मामले के सिलसिले में कांथी (कंटाई) अदालत में पेश किया जाएगा। जमानत नहीं मिलने की स्थिति में अब वह जेल से ही चुनाव लड़ सकते हैं। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को पूर्व मेदिनीपुर के चंडीपुर से पुलिस ने मिलन प्रधान को गिरफ्तार किया था। कांग्रेस का आरोप है कि वे एक जनसभा में शामिल होने गए थे, जहां से पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उन्हें वर्ष 2007 के एक पुराने मामले के तहत गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को ही नंदीग्राम उपचुनाव के लिए नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि थी। राजनीतिक गलियारों में अटकलें लगाई जा रही थीं कि क्या वे भी अपनी उम्मीदवारी वापस लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। प्रत्याशी की गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने पुलिस और सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। हल्दिया अदालत के बाहर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता व सचिव अजितेश पांडेय ने कहा कि पुलिस का यह दावा हास्यास्पद है कि 19 सालों से मिलन का कोई अता-पता नहीं था और चुनाव में उतरते ही वे मिल गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तमाम मुकदमों के बावजूद कांग्रेस चुनाव मैदान से पीछे नहीं हटेगी।

Post a Comment

0 Comments