कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को राज्य प्रशासनिक मुख्यालय 'नबन्ना' में नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा के बाद से लापता लोगों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों का ढांढस बंधाया और उन्हें राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नेपाल में लापता हुए राज्य के नागरिकों की जल्द से जल्द तलाश के लिए पश्चिम बंगाल सरकार सभी आवश्यक कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य प्रशासन संबंधित अधिकारियों और केंद्रीय एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है ताकि खोज और बचाव अभियान में तेज़ी लाई जा सके। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस संकट की घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें आगे भी किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी, तो वह तत्काल उपलब्ध कराई जाएगी। नेपाल-चीन सीमा पर हिमखंड (आइस-रॉक) खिसकने और मूसलाधार बारिश के बाद आई भीषण बाढ़ तथा भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 1,300 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि हजारों लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। चितवन, नवलपरासी और नुवाकोट सहित कई अन्य जिले आपदा से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। नेपाली सुरक्षा बलों और राहत एजेंसियों द्वारा बड़े पैमाने पर खोज एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है।


0 Comments