रानीगंज :- रानीगंज से सटे वक्तानगर के पास नेशनल हाईवे-19 पर रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। हाईवे के ओवरब्रिज पर खड़े एक बल्कर ट्रक (सीमेंट टैंकर) में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और ट्रक का पूरा केबिन धूं-धूं कर जलने लगा। आसमान में उठती आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार को देखकर इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओवरब्रिज पर यह बल्कर ट्रक अचानक खराब (ब्रेकडाउन) हो गया था। जब वाहन का मरम्मत कार्य चल रहा था, तभी अचानक इसके इंजन से आग सुलगी और तेजी से फैल गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और चालक तथा मिस्त्री समय रहते सुरक्षित दूर हट गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस और सिविक वॉलंटियर्स ने तुरंत सतर्कता दिखाई और दमकल विभाग को सूचित किया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने नेशनल हाईवे-19 के आसनसोल जाने वाले लेन पर गाड़ियों की आवाजाही को रोक दिया, जिससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग बुझने के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर हाईवे पर दोबारा यातायात बहाल कराया। प्राथमिक रूप से आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन माना जा रहा है कि मरम्मत के दौरान शॉर्ट सर्किट से आग लगी होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




0 Comments