मुर्शिदाबाद :- सोनमुड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस की गश्त के दौरान भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार बताडोला, यूएनसी नगर और फकीराडोला सीमावर्ती सड़क के विभिन्न हिस्सों में चलाए गए गश्त अभियान के दौरान लावारिस हालत में कुल 73 किलोग्राम सूखा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए गांजे को जब्त कर लिया। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 36 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में गांजा मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सोनमुड़ा थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस अवैध मादक पदार्थ को वहां किसने छिपाया था और इसका असली मालिक कौन है। पुलिस को आशंका है कि तस्करी से पहले ही इसे सीमावर्ती इलाके में छुपाकर रखा गया था।
उधर मुर्शिदाबाद जिले में भी नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। भगवानगोला थाने की पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर खानकाह मैदान इलाके में विशेष अभियान चलाकर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बाइक पर संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्ति को रोककर तलाशी ली तो उसके पास मौजूद तीन बैगों से 430 बोतल प्रतिबंधित फेंसेडिल कफ सिरप बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का नाम सुमन शेख है, जो भगवानगोला थाने के चर लवणगोला इलाके का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी भारत से बांग्लादेश में फेंसेडिल की तस्करी करने की फिराक में था। बुधवार को पुलिस ने उसे 10 दिन की पुलिस रिमांड की मांग के साथ लालबाग महकमा अदालत में पेश किया। पुलिस रिमांड में लेकर उससे तस्करी नेटवर्क के बारे में पूछताछ करना चाहती है।




0 Comments