आसनसोल :- आसनसोल के खरमाबाद-धेमोमेन कोलियरी क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार और चोरी के खिलाफ सुरक्षा बलों ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) की हेडक्वार्टर टास्क फोर्स, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और सोदपुर एरिया सिक्योरिटी टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर भारी मात्रा में कोयला जब्त किया। गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार तड़के करीब 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक चले इस लंबे अभियान के दौरान धेमोमेन कोलियरी इलाके में हनुमान मंदिर के पीछे डंप किया गया लगभग 18 से 20 मीट्रिक टन लावारिस कोयला बरामद किया गया। जब्ती की आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद कोयले को सुरक्षित रूप से धेमोमेन कोलियरी परिसर में पहुंचा दिया गया।
इस दौरान हीरापुर थाना पुलिस को भी सूचित किया गया, जिसके बाद स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अभियान में ECL सुरक्षा निरीक्षक पीयूष सिंह, CISF के डी.के. सिंह और सोदपुर एरिया सुरक्षा टीम के इंद्रनील माझी व जगदंबा महतो समेत कोलियरी के सुरक्षा कर्मी मौजूद थे। सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध खनन व कोयला तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।




0 Comments