आसनसोल :- आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं राज्य की शहरी विकास तथा नगर पालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने शुक्रवार को अपने क्षेत्र के कई आंगनवाड़ी केंद्रों और बर्नपुर रामबांध स्थित कम्युनिटी सेंटर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आईसीडीएस केंद्रों के नवीनीकरण कार्य का जायजा लिया और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री ने बताया कि प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र के कायाकल्प के लिए लगभग 21 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इन केंद्रों में बच्चों के लिए पढ़ाई का बेहतर माहौल, भोजन पकाने की आधुनिक व्यवस्था, गैस-ओवन स्लैब और बिजली जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। रामबांध स्थित कम्युनिटी सेंटर का जायजा लेते हुए उन्होंने कहा कि 250 से 300 लोगों की क्षमता वाले इस भवन को जल्द ही सुव्यवस्थित किया जाएगा, जिससे शादी-विवाह, अन्नप्राशन और श्राद्ध जैसे कार्यक्रमों के लिए गरीब परिवारों को निजी पंडालों के महंगे खर्च से राहत मिल सके।
पूर्ववर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कम्युनिटी सेंटरों की ऑफलाइन बुकिंग से मिलने वाला राजस्व निगम के खाते में जमा नहीं होता था। इसे रोकने के लिए अब पूरी बुकिंग प्रक्रिया को ऑनलाइन किया जाएगा। इसके अलावा, नगर निगम की आय बढ़ाने और पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से टाटा के सहयोग से एक डिजिटल 'रेवेन्यू डैशबोर्ड' भी तैयार किया जा रहा है, जिसमें होर्डिंग, टैक्स और कम्युनिटी सेंटर से होने वाली आय का ब्योरा एक जगह दर्ज होगा। कम्युनिटी सेंटर परिसर में टोटो चार्जिंग पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम की बिजली और संपत्ति का मुफ्त व्यावसायिक उपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



0 Comments