पांडवेश्वर में जर्जर सड़क और धूल से परेशान ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया

पांडवेश्वर :- जर्जर सड़क, उड़ती धूल और तेज रफ्तार से गुजरते कोयले से लदे भारी ट्रकों से परेशान पांडवेश्वर के श्यामसुंदरपुर इलाके के ग्रामीणों के सब्र का बांध शनिवार को टूट गया। जिला परिषद की सड़क से गुजरने वाली कोयला गाड़ियों के खिलाफ आदिवासी पाड़ा के निवासियों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों की मुख्य शिकायतें थीं कि ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) के भारी वाहनों के कारण जिला परिषद की सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। उड़ती धूल से लोगों का जीना दुश्वार है और स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर हमेशा हादसों का डर बना रहता है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि ECL के पास अपनी निजी सड़क होने के बावजूद घनी आबादी वाले क्षेत्र से कोयला परिवहन क्यों किया जा रहा है।


प्रदर्शन की सूचना मिलते ही ECL के अधिकारी मधुसूदन सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण कंपनी की मुख्य सड़क खराब हो गई थी, जिसके चलते अस्थाई रूप से इस मार्ग का इस्तेमाल किया जा रहा था। उन्होंने आश्वासन दिया कि शनिवार दोपहर से ही इस रास्ते से कोयले की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी जाएगी और वाहनों को वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। ECL के इस ठोस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन वापस ले लिया।

Post a Comment

0 Comments