रानीगंज के जेके नगर में महिला की हत्या के मामले में इंसाफ के लिए रो पड़े बेटा-बेटी

रानीगंज :- रानीगंज के जेके नगर कोलियरी इलाके में 55 वर्षीय अनिता देवी की संदिग्ध मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मंगलवार देर रात उनके क्वार्टर से अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने के बाद गुरुवार को मृतका के बेटा-बेटी समेत परिजन निमचा पुलिस फांड़ी पहुंचे और फूट-फूटकर रोते हुए इंसाफ की गुहार लगाई। परिवार ने पुलिस से दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की है।

परिजनों ने इस घटना को चोरी या लूट की वारदात मानने से साफ इनकार किया है। उनका आरोप है कि यह जमीन हड़पने के लिए की गई सुनियोजित और बर्बर हत्या है। मृतका की बेटी अपर्णा ने रोते हुए कहा कि जेके नगर में आज तक किसी 55 साल की महिला के साथ इतनी क्रूर घटना नहीं हुई है। यह सिर्फ उनके परिवार का मामला नहीं है, बल्कि पूरे इलाके की सुरक्षा का सवाल है। आज उनकी मां के साथ हुआ है, कल किसी और महिला के साथ भी हो सकता है।



मृतका के पुत्र भवेश शर्मा ने बताया कि घटना वाली रात 10 बजे तक मां से फोन पर बात हुई थी, सब कुछ सामान्य था। अगली सुबह जब उन्होंने मां को फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा था। शक होने पर उन्होंने पड़ोसियों को फोन किया। पड़ोसी जब घर पहुंचे तो अंदर का मंजर देखकर सन्न रह गए। सामान बिखरा पड़ा था, लेकिन चोरी लायक कुछ भी गायब नहीं था। अलमारी और बक्सा टूटा नहीं था। फर्श पर मां का शव पड़ा था, सिर में चोट के निशान थे, पास में लकड़ी का पट्टा पड़ा था और मुंह से रक्तस्राव हो रहा था। गमछे से गला घोंटकर हत्या की गई थी। भवेश ने आशंका जताई कि मां का मकान अच्छी लोकेशन पर होने के कारण कई लोग उस पर नजर रखे थे। दुकान, किराए और पार्टी ऑफिस के लिए जगह मांगी जाती थी, लेकिन मां साफ इनकार कर देती थीं। परिवार को शक है कि इसी जमीन विवाद के चलते पैसे देकर हत्या करवाई गई है। उन्होंने यौन उत्पीड़न की आशंका भी जताई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार, डीसीपी सेंट्रल ध्रुव दास खुद मौके पर पहुंचे थे। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। पुलिस का कहना है कि सभी एंगल से जांच जारी है और जल्द ही मौत की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।

Post a Comment

0 Comments