दुर्गापुर :- दुर्गा पूजा से ठीक पहले दुर्गापुर के न्यू टाउनशिप थाना क्षेत्र के पोद्दार पुकुर में अचानक बड़ी संख्या में मछलियां मरी हुई पानी पर तैरती मिलीं। इससे पूरे इलाके में तेज दुर्गंध फैल गई और सनसनी फैल गई है। आशंका जताई जा रही है कि तालाब के पानी में किसी ने जहरीला पदार्थ या केमिकल मिला दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह तालाब काफी पुराना है और इलाके के लोग नहाने-धोने समेत कई कामों में इसका इस्तेमाल करते हैं। पास के जंगल से जंगली जानवर भी यहां पानी पीने आते हैं। ऐसे में अचानक मछलियों की मौत से लोगों में चिंता बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को स्थानीय लोगों ने तालाब में सैकड़ों मरी हुई मछलियों को तैरते देखा। खबर फैलते ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। मछलियों के सड़ने से पूरे क्षेत्र में बदबू फैलने लगी। सूचना मिलते ही न्यू टाउनशिप थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मछलियों की मौत का असली कारण क्या है। जरूरत पड़ने पर पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा जाएगा। वहीं इस घटना को लेकर भाजपा ने विरोध जताया है। भाजपा के बूथ अध्यक्ष बप्पा गराई ने आरोप लगाया है कि पूजा से पहले सुनियोजित तरीके से तालाब में जहर या केमिकल मिलाया गया हो सकता है। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


0 Comments