Durgapur के बड़े दुर्गापूजा पूजा पंडालों का CP ने किया निरीक्षण


दुर्गापुर :- दुर्गा पूजा के दौरान दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह से मुस्तैद हो गई है। भीड़ प्रबंधन से लेकर पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए खुद पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार के नेतृत्व में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मैदान में उतरी।

इस निरीक्षण दल में डीसीपी रासप्रीत सिंह के साथ-साथ ट्रैफिक और दमकल विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। टीम ने शहर के कई बड़े बजट वाले पूजा पंडालों का दौरा किया। अधिकारियों ने पंडालों की ऊंचाई, प्रवेश और निकास द्वार, दर्शनार्थियों के आने-जाने के रास्ते और भीड़ को नियंत्रित करने के इंतजामों की बारीकी से जांच की। इस दौरान मौके पर मौजूद दक्षिण पल्ली सहित अन्य पूजा कमेटियों के पदाधिकारियों को सुरक्षा को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए गए।


पुलिस की ओर से बताया गया है कि पूजा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में 100 या 112 नंबर पर फोन कर तत्काल मदद मांगी जा सकती है। इसके साथ ही बड़े पूजा पंडालों में साइबर अपराधों को रोकने के लिए साइबर सेल की विशेष निगरानी भी रखी जाएगी।पुलिस प्रशासन का लक्ष्य है कि पूजा के आनंद में किसी भी तरह की अप्रिय घटना बाधा न बने, इसलिए पहले से ही पुख्ता तैयारियां की जा रही हैं।

Post a Comment

0 Comments