Durgapur में सिंचाई विभाग के अधिकारी की रहस्यमय मौत, पंखे से लटका मिला शव


दुर्गापुर :- दुर्गापुर स्थित सिंचाई विभाग के कार्यालय में एक अधिकारी का शव पंखे से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नदिया जिले के कल्याणी निवासी आलोक दास (52) के रूप में हुई है, जो विभाग में जलकर अधिकारी के पद पर तैनात थे। सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर आलोक दास कार्यालय के विश्राम गृह में गए थे। दोपहर का खाना दिए जाने के बाद से ही उनके कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। रात होने पर जब सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें कई बार फोन किया और कोई जवाब नहीं मिला, तो अनहोनी की आशंका जताते हुए कोकओवेन थाना पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अधिकारी का शव पंखे से लटकता पाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। मौत के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस कार्यस्थल के तनाव, व्यक्तिगत कारणों और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। फिलहाल जांच अधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments