नदिया :- सीमा सुरक्षा बल (BSF) की 161वीं बटालियन के सतर्क जवानों ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल कर दिया। नदिया जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महाखोला सीमावर्ती इलाके में कार्रवाई करते हुए जवानों ने बांग्लादेश भेजे जा रहे 3.647 किलोग्राम चांदी के आभूषण जब्त किए हैं। घटना शुक्रवार रात की है, जब बीएसएफ के जवान सीमांत क्षेत्र में नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने तारबंदी के पास कुछ संदिग्ध लोगों को भारत की तरफ से सीमा पार बांग्लादेश में सामान फेंकने की कोशिश करते देखा। जवानों को अपनी ओर आता देख संदिग्ध तस्कर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके पर ही आभूषणों से भरा बैग छोड़कर फरार हो गए। बैग की तलाशी लेने पर उसमें से बड़ी मात्रा में चांदी की अंगूठियां और चेन बरामद हुईं। प्रारंभिक जांच से स्पष्ट हुआ है कि इन आभूषणों को अवैध रूप से बांग्लादेश भेजने की योजना थी। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जब्त आभूषणों को भीमपुर थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल बीएसएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम फरार तस्करों की पहचान और इस तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।


0 Comments