Jamuria के बेनाली गांव में बंद मकान से लाखों की चोरी, चोरों ने आराम से बैठकर चाय-बिस्कुट भी खाया

जामुड़िया (राम बाबू यादव) :- जामुड़िया थाना क्षेत्र के बेनाली गांव (मुस्लिम पाड़ा) में चोरों के एक गिरोह ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। परिवार की गैरहाजिरी का फायदा उठाकर चोरों ने एक घर का ताला तोड़ा और लाखों रुपये के सोने के आभूषण तथा ढाई से तीन लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरी के दौरान बदमाशों ने आराम से बैठकर चाय-बिस्कुट का आनंद भी लिया।

जानकारी के अनुसार, मकान मालिक काजी इलियास अपने परिवार के साथ किसी रिश्तेदार के घर गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोर दीवार फांदकर घर के परिसर में घुसे और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया। बदमाशों ने कमरे के अलमारी और बेड को खंगालकर पूरा सामान तितर-बितर कर दिया और अलमारी में रखे 3 से 4 भरिया सोने के गहने और नकदी चुरा ली।



मकान मालिक के छोटे भाई काजी मोजम्मिल ने बताया कि सुबह जब नौकरानी काम पर आई, तो उसने टूटा ताला देखकर परिजनों को सूचित किया। अंदर जाने पर पूरा घर अस्त-व्यस्त मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का आरोप है कि वारदात को किसी अनुभवी गिरोह ने अंजाम दिया है जिसे घर की हर गतिविधि की पूरी जानकारी थी। इसी दिन पास के एक सीएसपी सेंटर में भी चोरी की खबर सामने आई है।


Post a Comment

0 Comments