Siliguri में मवेशी चोर होने के संदेह में पिटाई से 2 युवकों की मौत, गाड़ियों में लगाई आग

सिलिगुड़ी :- पश्चिम बंगाल के मटिगारा थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के भीड़ की हिंसा का एक खौफनाक मामला सामने आया है। मवेशी चोर होने के संदेह में स्थानीय लोगों ने दो अज्ञात युवकों को पकड़कर उनके साथ जमकर मारपीट की। इस भीषण लिंचिंग में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी हालत में अस्पताल में मौत हो गई। उग्र भीड़ ने घटना स्थल पर मौजूद दो वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की और उन्हें आग के हवाले कर दिया। सूत्रों के अनुसार, घटना शनिवार को मटिगारा के ताराबाड़ी इलाके में बालासन नदी के पास हुई। नदी किनारे से संदिग्ध परिस्थितियों में वाहनों के साथ गुजर रहे कुछ अनजान युवकों को देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। क्षेत्र में पिछले कुछ समय से मवेशी चोरी की बढ़ती घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने उनका पीछा किया। हालांकि कुछ लोग भागने में सफल रहे, लेकिन भीड़ ने दो युवकों और दो गाड़ियों को घेर लिया। इसके बाद दोनों की बर्बरतापूर्वक पिटाई की गई, जिससे एक की जान चली गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके में छापेमारी शुरू की और मामले में शामिल 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments