विमान हाईजैक रोकने और 182 यात्रियों की जान बचाने वाले कैप्टन smit machhar के लिए आसनसोल में महामृत्युंजय जाप और हवन

आसनसोल (राम बाबू यादव) :- फ्लाईदुबई के विमान को हाईजैक करने के प्रयास को विफल तथा 182 यात्रियों की जान बचाकर भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर दुनिया भर में हीरो बन गए हैं। विमान के भीतर अपने ही को-पायलट द्वारा किए गए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर के शीघ्र स्वस्थ होने और दीर्घायु की कामना को लेकर आसनसोल के धेमोमेन कोलियरी स्थित शिव मंदिर में महामृत्युंजय जाप एवं विशेष हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने भाग लेकर कैप्टन की सुरक्षा और जल्द सेहतमंद होने की ईश्वर से प्रार्थना की। कार्यक्रम में विशेष रूप से मौजूद भाजपा नेता बिरजू कुमार यादव और स्थानीय लोगों ने कैप्टन स्मित मच्छर के अदम्य साहस एवं बहादुरी को नमन करते हुए उनके पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की। 



उल्लेखनीय है कि 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की विमान में एक भयावह मोड़ आया था, जब विमान में सवार ओमानी सह-पायलट ने कॉकपिट के भीतर मुख्य पायलट कैप्टन स्मित मच्छर पर जानलेवा हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल होने और शरीर से अत्यधिक खून बहने के बावजूद कैप्टन स्मित ने अद्भुत धैर्य दिखाते हुए किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद क्रू मेंबर्स और यात्रियों ने हमलावर को काबू में किया और विमान को सऊदी अरब के तबूक में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। कैप्टन स्मित की इस जांबाजी से 182 यात्रियों की जान बच सकी। कैप्टन स्मित मच्छर को 15 वर्षों से अधिक का उड़ान अनुभव है और वे फ्लाईदुबई में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उनसे फोन पर बातचीत कर हाल-चाल जाना। पीएम मोदी ने उन्हें भारत का गौरव बताते हुए उनकी बहादुरी की जमकर सराहना की, वहीं इजराइली पीएम नेतन्याहू ने उन्हें 'पूरे विश्व का नायक' करार देते हुए आगामी इजराइल स्वतंत्रता दिवस पर विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। फिलहाल अबू धाबी के अस्पताल में उनका इलाज जारी है और उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।

Post a Comment

0 Comments