TMC छोड़ सांसद पद से इस्तीफा देने वाली टॉलीवुड अभिनेत्री Koel Mallick को BJP ने बनाया राज्यसभा उम्मीदवार

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल की राजनीति में जारी हलचल के बीच तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए BJP ने आगामी राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। केंद्रीय भाजपा की ओर से जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, TMC की राज्यसभा सीट और पार्टी से इस्तीफा देने वाली टॉलीवुड अभिनेत्री रुक्मिणी मल्लिक (लोकप्रिय नाम कोयल मल्लिक) को पश्चिम बंगाल से भाजपा का राज्यसभा प्रत्याशी घोषित किया गया है। इसके अलावा, पार्टी ने उत्तराखंड की द्विवार्षिक सीट से दिनेश आर्य को अपना उम्मीदवार बनाया है। पश्चिम बंगाल में कोयल मल्लिका के इस्तीफे से खाली हुई इस राज्यसभा सीट पर आगामी 16 अक्टूबर को मतदान होना है। राज्य विधानसभा में मौजूदा दलीय स्थिति और आंकड़ों के समीकरण को देखते हुए इस सीट पर भाजपा की जीत तय मानी जा रही है। ऐसे में कोयल मल्लिका का भाजपा के उम्मीदवार के रूप में संसद के उच्च सदन (राज्यसभा) पहुंचना महज एक औपचारिकता रह गया है। 

उल्लेखनीय है कि तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सांसदों का इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी तृणमूल कांग्रेस के तीन प्रमुख राज्यसभा सांसद—सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाइक—अपनी सीट और पार्टी से इस्तीफा देकर BJP का दामन थाम चुके हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद इन तीनों नेताओं को पार्टी ने उपचुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया, जहां वे विजयी होकर भाजपा के टिकट पर पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सांसद निर्वाचित हुए। हाल ही में इस्तीफा देने वाली कोयल मल्लिक तृणमूल कांग्रेस की चौथी ऐसी राज्यसभा सांसद बन गई हैं। अब तक तृणमूल कांग्रेस के कुल चार राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। पूर्ववर्ती तीन नेताओं की ही तर्ज पर अब कोयल मल्लिका भी BJP की ओर से राज्यसभा जाने की तैयारी में हैं।

Post a Comment

0 Comments