मुर्शिदाबाद :- सागरादिघी के तृणमूल कांग्रेस विधायक बायरन बिस्वास शनिवार को अपने घर में भीषण आग लगने से गंभीर रूप से झुलस गए। घटना मुर्शिदाबाद जिले के धुलियान स्थित उनके आवास पर हुई। हादसे के समय विधायक घर के भीतर ही मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही दमकल गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और स्थिति पर काबू पाया। आगजनी के तुरंत बाद बिस्वास को इलाज के लिए उनके द्वारा स्थापित स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत की गंभीरता को देखते हुए बाद में उन्हें मुरशिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। विधायक के घर में आग लगने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है और आवास के बाहर समर्थकों व स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, पुलिस और दमकल विभाग मामले की गहन जांच कर रहे हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उल्लेखनीय है कि बायरन बिस्वास मार्च 2023 के उपचुनाव में कांग्रेस के टिकट पर सागरादिघी से पहली बार विधायक चुने गए थे, लेकिन बाद में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। 2026 के विधानसभा चुनाव में भी तृणमूल के टिकट पर चुनाव लड़कर उन्होंने शानदार जीत हासिल की। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की छानबीन कर रही है।

0 Comments