कोलकाता :- कोलकाता के पास नरेंद्रपुर इलाके में पुलिस ने सोने के आभूषणों की दुकानों में नकली UPI पेमेंट का स्क्रीनशॉट दिखाकर अनोखे तरीके से ठगी करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान लेक थाना क्षेत्र की रहने वाली मधुरिमा दास के रूप में हुई है। वह बेहद साफ-सुथरे और महंगे कपड़ों में विनम्र व्यवहार के साथ बड़ी ही चालाकी से वारदात को अंजाम देती थी। जांच में सामने आया कि महिला सबसे पहले गहनों की दुकानों की रेकी करती थी। इसके बाद वह अमीर ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल होती और आभूषण पसंद करने के बाद ऑनलाइन पेमेंट का विकल्प चुनती थी। मोलभाव तय होने पर वह अपने मोबाइल ऐप से UPI पेमेंट करने का नाटक करती और दुकान मालिक को पैसे ट्रांसफर होने का फर्जी मैसेज दिखा देती थी। व्यापारी मैसेज देखकर आभूषण सौंप देते थे, लेकिन बाद में पता चलता था कि बैंक खाते में कोई राशि जमा ही नहीं हुई है। एक पीड़ित व्यापारी द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को धर दबोचा। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि इस अनोखी ठगी के जरिए उसने अब तक कितनी आभूषण दुकानों को अपना निशाना बनाया है।

0 Comments