कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के विधानसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। आयोग द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए इस चरण में कुल 2,407 कंपनी केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि आगामी सोमवार तक सभी जवानों की तैनाती का कार्य पूरा कर लिया जाना चाहिए।
सुरक्षा बलों की तैनाती के मामले में मुर्शिदाबाद जिला सबसे ऊपर है, जहाँ कुल 316 कंपनियां भेजी जा रही हैं। आयोग ने मुर्शिदाबाद को दो पुलिस जिलों में विभाजित किया है, जिसमें मुर्शिदाबाद पुलिस जिले में 240 और जंगीपुर पुलिस जिले में 76 कंपनियां तैनात रहेंगी। इसके बाद दूसरा नंबर पूर्व मेदिनीपुर का है, जहाँ 273 कंपनियां मोर्चा संभालेंगी। अन्य प्रमुख जिलों की बात करें तो पश्चिम मेदिनीपुर में 271, बांकुड़ा में 193 और बीरभूम में 176 कंपनियां तैनात की जाएंगी। मालदा में 172, पुरुलिया में 151 और कूचबिहार में 146 कंपनियों को सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, उत्तर दिनाजपुर को भी दो हिस्सों में बांटकर इस्लामपुर में 61 और रायगंज में 71 कंपनियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। सिलीगुड़ी और आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्रों में भी भारी मात्रा में बल तैनात रहेंगे ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।


0 Comments