रानीगंज में चुनाव से पहले भाजपा और माकपा को झटका, 300 से अधिक कार्यकर्ता तृणमूल में शामिल

रानीगंज :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर रानीगंज में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। यहाँ भाजपा और माकपा को उस वक्त झटका लगा, जब उनके 300 से अधिक समर्थकों ने पार्टी का दामन छोड़ तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। रानीगंज विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल प्रत्याशी कालो बरन मंडल ने इन समर्थकों का स्वागत किया और उनके हाथों में पार्टी का झंडा थमाया। इस अवसर पर तृणमूल युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पार्थ देवासी और बापी चक्रवर्ती सहित अन्य प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।

तृणमूल प्रत्याशी कालो बरन मंडल ने कहा कि रानीगंज के लोगों ने यह साबित कर दिया है कि वे केवल ममता बनर्जी के विकास कार्यों पर भरोसा करते हैं। भाजपा और माकपा के साथियों का हमारे साथ आना यह दर्शाता है कि विपक्षी दलों के पास न कोई विजन है और न ही जनता का समर्थन। हम मिलकर रानीगंज में शांति और प्रगति की दिशा में काम करेंगे।

भाजपा रानीगंज शहर मंडल के शमशेर सिंह ने कहा कि कुछ लोगों के जाने से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। वैसे तृणमूल अपने ही लोगों को बार-बार पार्टी में शामिल करवाने का नाटक करती हैं। तृणमूल कांग्रेस डरा-धमकाकर और प्रलोभन देकर लोगों को अपनी ओर खींच रही है। चुनाव के परिणाम यह साफ कर देंगे कि जनता का असली झुकाव किसकी ओर है। हमारे सच्चे कार्यकर्ता जमीन पर डटे हुए हैं और हम मजबूती से चुनाव लड़ेंगे।

इस दलबदल के बाद रानीगंज में चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है, जहाँ तृणमूल अपनी पकड़ मजबूत करने का दावा कर रही है, वहीं भाजपा ने इसे सत्ता का दबाव बताया है।

Post a Comment

0 Comments