केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रोड शो के बाद दुर्गापुर में BJP और TMC कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष

दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का रोड शो संपन्न होते ही दुर्गापुर का बांकुड़ा मोड़ इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हुई तीखी बहस देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के कार्यकर्ता लहूलुहान हो गए। इस संघर्ष में घायल भाजपा और टीएमसी के एक-एक कार्यकर्ता को गंभीर हालत में दुर्गापुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई और तृणमूल प्रत्याशी कवि दत्त अस्पताल पहुंचे और अपने-अपने कार्यकर्ताओं का हाल जाना।


भाजपा के दुर्गापुर पश्चिम मंडल के महासचिव रवि दास ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सोमवार को अमित शाह के रोड शो में शामिल होने के कारण तृणमूल समर्थकों ने उन पर हमला किया और उनका सिर फोड़ दिया। भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई ने इस घटना को तृणमूल की आतंकी राजनीति का हिस्सा बताया है। 


दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। अस्पताल पहुंचे तृणमूल प्रत्याशी कवि दत्त ने घायल कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और कहा कि भाजपा अनावश्यक रूप से अशांति का माहौल पैदा कर रही है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अशांति की आग लगाना आसान है, लेकिन उसे बुझाना बेहद कठिन होता है। फिलहाल इस घटना को लेकर पूरे दुर्गापुर क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त है और अस्पताल परिसर में भी पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है।

Post a Comment

0 Comments