दुर्गापुर में BJP प्रत्याशियों के समर्थन में शुभेंदु अधिकारी ने किया प्रचार, TMC पर साधा निशाना


दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने दुर्गापुर के फुलझड़ मोड़ पर आयोजित एक चुनावी जनसभा में तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी चंद्रशेखर बनर्जी के समर्थन में आयोजित इस सभा में शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि तृणमूल नेताओं ने खनन माफियाओं के साथ साठगांठ कर राज्य की नदियों को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि एक घाट वैध है, तो 100 अवैध घाट तृणमूल नेताओं के संरक्षण में चल रहे हैं, जिससे हजारों करोड़ का भ्रष्टाचार हो रहा है।

शुभेंदु ने बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि आज दुर्गापुर के लाखों युवा बेरोजगार हैं और उन्हें काम के लिए भाजपा शासित राज्यों में जाना पड़ रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा के सत्ता में आते ही यहाँ रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। नंदीग्राम में आईएसएफ प्रत्याशी और टीएमसी नेता के वायरल वीडियो का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हार के डर से तृणमूल अब सबको खरीदने और अवैध रास्ते अपनाने की कोशिश कर रही है। सभा में दुर्गापुर पश्चिम के भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण घोरुई सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments