रानीगंज की बेटी नैतिका चौधरी ने बढ़ाया मान, CBSE बोर्ड 10वीं में हासिल किए 99.4 प्रतिशत अंक

रानीगंज :- कोयलांचल और शिल्पांचल के गौरव में उस वक्त एक सुनहरा अध्याय जुड़ गया, जब रानीगंज के सुप्रसिद्ध समाजसेवी राजेंद्र प्रसाद चौधरी की पोती नैतिका चौधरी ने सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में अपनी मेधा का परचम लहराया।इंदौर के प्रतिष्ठित डेली कॉलेज की छात्रा नैतिका ने 99.4 प्रतिशत अंक हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि समूचे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे शहर में खुशी की लहर दौड़ गई है।

नैतिका के परीक्षा परिणाम उनकी कड़ी मेहनत और असाधारण प्रतिभा की गवाही दे रहे हैं। उन्होंने विज्ञान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों में पूरे 100 में से 100 अंक प्राप्त किए, जबकि अंग्रेजी, गणित और सोशल साइंस में उन्हें 99 अंक मिले। वर्तमान में इंदौर के प्रतिष्ठित डेली कॉलेज की छात्रा नैतिका ने अपनी सफलता से यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और इरादे नेक, तो सफलता की नई ऊंचाइयों को छूना मुमकिन है।

भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए नैतिका ने एनालिटिक्स के क्षेत्र में अपना करियर बनाने की इच्छा जताई है। बेटी की इस शानदार कामयाबी पर पिता व जाने-माने उद्योगपति रविंद्र चौधरी ‘बंटी’ और माता सोनल चौधरी भावुक और गौरवान्वित हैं। उन्होंने इसे नैतिका के अनुशासन और दृढ़ निश्चय का प्रतिफल बताया है। रानीगंज की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और गणमान्य प्रतिनिधियों ने इस मेधावी बिटिया को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि नैतिका की यह जीत क्षेत्र के अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत बनेगी।

Post a Comment

0 Comments