Durgapur में चुनाव प्रचार के दौरान BJP उम्मीदवार ने तला आलू चॉप, TMC ने कसा तंज


दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- पश्चिम बंगाल 2026 विधानसभा चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के एक गांव में भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मण चंद्र घरुई ने अनूठे अंदाज में जनसंपर्क किया। प्रचार अभियान के दौरान 'अमराई मोड़' के पास एक स्थानीय दुकान पर रुककर उन्होंने खुद अपने हाथों से चॉप (पकौड़े) तले। भाजपा उम्मीदवार का यह अंदाज स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा, जिसे सीधे तौर पर आम जनता से जुड़ने की एक कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

इस दौरान मीडिया से बात करते हुए लक्ष्मण चंद्र घरुई ने ममता बनर्जी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में उद्योगों का भारी अभाव है और युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर पैदा नहीं किए गए हैं। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के कारण ही आज युवाओं को रोजगार के बजाय चॉप की दुकानें लगानी पड़ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि 2026 में भाजपा सत्ता में आती है, तो राज्य में नए उद्योग स्थापित किए जाएंगे और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे।



दूसरी ओर, भाजपा के इस दांव पर पलटवार करते हुए दुर्गापुर पश्चिम से तृणमूल कांग्रेस (TMC) की उम्मीदवार कबितत्त ने इसे भाजपा का पुराना और घिसा-पिटा पैंतरा बताया। उन्होंने भाजपा की आलोचना को "टूटा हुआ रिकॉर्ड" करार दिया। चुटकी लेते हुए तृणमूल उम्मीदवार ने कहा कि उन्होंने चॉप तले हैं, यह अच्छी बात है। अगली बार जब वे उस क्षेत्र में जाएंगी, तो निश्चित रूप से उनके हाथ के बने चॉप का स्वाद जरूर चखेंगी। चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच जारी इस जुबानी जंग और चॉप की राजनीति ने इलाके के सियासी माहौल को और गरमा दिया है।

Post a Comment

0 Comments