दुर्गापुर :- पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी चंद्रशेखर बनर्जी को बुधवार को चुनावी प्रचार के दौरान कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। घटना कांक्सा थाना अंतर्गत मलानदिघी के विष्णुपुर इलाके की है, जहाँ बांग्ला नववर्ष (पोइला बैसाख) के अवसर पर जनसंपर्क करने निकले प्रत्याशी को लेकर तृणमूल कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच तीखी झड़प हो गई। जानकारी के अनुसार, जब चंद्रशेखर बनर्जी विष्णुपुर हरि मंदिर के पास पहुंचे, तभी तृणमूल समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और 'जय बांग्ला' के नारे लगाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और दोनों पक्षों में ब़चसा शुरू हो गई। सूचना मिलते ही कांक्सा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। भाजपा प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि वे केवल नववर्ष की शुभकामनाएं देने निकले थे, लेकिन सत्ता पक्ष के कार्यकर्ताओं ने जानबूझकर विवाद पैदा किया। पुलिस इलाके में शांति बनाए रखने के लिए निगरानी कर रही है।


0 Comments