Raniganj के BJP प्रत्याशी पार्थ घोष ने पूर्व पत्नी के आरोपों को बताया TMC की साजिश

रानीगंज :- रानीगंज विधानसभा क्षेत्र का चुनावी मुकाबला अब पूरी तरह से नाटकीय मोड़ पर आ गया है। विधानसभा चुनाव में राजनीतिक मुद्दे पीछे छूट गए हैं और व्यक्तिगत विषय को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी पार्थ घोष की पूर्व पत्नी पिंकी सिन्हा के तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने और मंच से गंभीर आरोप लगाने के बाद बुधवार को पार्थ घोष और उनकी दूसरी पत्नी रेणुका घोष ने अपनी चुप्पी तोड़ी। 


भाजपा प्रत्याशी पार्थ घोष ने पलटवार करते हुए कहा कि पिंकी सिन्हा के साथ उनका विवाह वर्ष 2004 में हुआ था और वर्ष 2007 में आपसी सहमति से तलाक हो गया था। उन्होंने सवाल उठाया कि जो महिला 19 वर्षों तक खामोश थी, वह ठीक विधानसभा चुनाव के समय ही इस तरह के बेबुनियाद आरोप क्यों लगा रही है ? पार्थ घोष ने दावा किया कि तलाक के आवेदन में पिंकी ने कभी शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना का उल्लेख नहीं किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस अपनी हार के डर और उनकी लोकप्रियता से बौखलाकर पैसे के बल पर उनकी छवि खराब करने की ओछी राजनीति कर रही है। भाजपा प्रत्याशी व पेशे से वकील पार्थ घोष ने तृणमूल प्रत्याशी कालो बरण मंडल को चेतावनी देते हुए कहा कि उनके पास भी तृणमूल कांग्रेस के कारनामों का 'काला चिट्ठा' है, जिसे उजागर करने पर वे कहीं मुंह दिखाने लायक नहीं रहेंगे। 


वहीं, भाजपा प्रत्याशी की दूसरी पत्नी रेणुका घोष ने भी अपने पति का बचाव किया। रेणुका ने कहा कि वर्ष 2015 में पार्थ घोष के साथ विवाह के बाद से वे अपने दो बच्चों के साथ बेहद सुखी जीवन व्यतीत कर रही हैं। उन्होंने इसे एक राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि जनता का समर्थन देखकर तृणमूल कांग्रेस के नर्त निजी हमले पर उतर आए हैं। 

दूसरी ओर, तृणमूल प्रत्याशी कालो बरण मंडल ने अपना हमला जारी रखते हुए कहा कि जो व्यक्ति अपनी पहली पत्नी को सम्मान नहीं दे सका, वह समाज की अन्य महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा कैसे करेगा। वहीं, इस निजी विवाद ने रानीगंज के सियासी माहौल को काफी गर्मा दिया है।

Post a Comment

0 Comments