आसनसोल में UP के CM योगी आदित्यनाथ की सभा, कहा- TMC ने बंगाल को अराजकता और भ्रष्टाचार का अड्डा बनाया

आसनसोल :- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के आछड़ा में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित किया। भाजपा प्रत्याशी अरिजीत राय के समर्थन में आयोजित इस सभा में योगी आदित्यनाथ ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पिछले 15 वर्षों में बंगाल को पहचान के संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस बंगाल ने कभी देश का नेतृत्व किया था, उसे टीएमसी के गुंडों ने आतंक, माफिया राज और भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा दिल्ली से भेजा गया विकास का पैसा TMC के बिचौलिये और भ्रष्ट नेता हड़प जाते हैं।

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि नौ साल पहले यूपी की स्थिति भी बंगाल जैसी ही भयावह थी। वहां भी हर दूसरे-तीसरे दिन दंगे होते थे, बेटियां असुरक्षित थीं और त्योहारों पर पाबंदियां रहती थीं, लेकिन भाजपा की सरकार आने के बाद वहां माफिया राज का अंत हुआ। उन्होंने कहा कि बंगाल में व्याप्त कोयला माफिया, बालू माफिया और कट-मनी की संस्कृति का एकमात्र समाधान 'डबल इंजन' की भाजपा सरकार है। कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना अब साकार हो गया है और आज कश्मीर में भी वही कानून लागू है जो बंगाल या उत्तर प्रदेश में है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि अराजकता फैलाने वाली टीएमसी को सत्ता से बेदखल कर भाजपा के सुशासन को चुनें।

Post a Comment

0 Comments